
नर्मदापुरम / सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों के दायित्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से आज नर्मदापुरम यातायात पुलिस द्वारा ज्ञानोदय विद्यालय, नर्मदापुरम में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक सुनीता पटेल एवं निरीक्षक सूरज जमरा द्वारा “सड़क सुरक्षा और नागरिक दायित्व” विषय पर व्याख्यान देकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
क्योंकि सड़क सुरक्षा के नियम तब भी लागू रहते हैं जब सड़कों पर पुलिस नहीं होती है यह नियम जान बचाने के लिए है न कि चालान बचाने के लिए – संतोष मिश्रा
उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने अपने संबोधन में वैश्विक परिदृश्य में सड़क सुरक्षा की स्थिति तथा भारत में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि की गंभीरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे अनेक परिवारों की खुशियां, सपने और भविष्य प्रभावित होते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आम नागरिकों की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदार व्यवहार भी उतना ही आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए किया जाना चाहिए।
श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने माता-पिता, परिजनों और मित्रों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई, ताकि वे अपने दैनिक जीवन में जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने का संकल्प लें।
निरीक्षक सुनीता पटेल ने दी यातायात नियमों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी…..
निरीक्षक सुनीता पटेल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने शासन की विभिन्न सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना पीड़ितों से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी तथा विद्यार्थियों को इनके प्रावधानों और उपयोगिता से अवगत कराया।
निरीक्षक सूरज जमरा ने समझाया CPR का महत्व…..
निरीक्षक सूरज जमरा ने विद्यार्थियों को CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) का अर्थ, इसकी मूल प्रक्रिया तथा हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया।
उन्होंने समझाया कि सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में समय पर सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसी परिस्थिति में घबराने के बजाय आपातकालीन सेवाओं को सूचना देना, सुरक्षित तरीके से सहायता उपलब्ध कराना तथा प्रशिक्षित होने पर उचित प्राथमिक सहायता देना किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है।
विद्यालय परिवार की सहभागिता एवं आभार…..
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानोदय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वंदना श्रीवास्तव, व्याख्याता जगदीश रघुवंशी, UMT उमेश हनोते, शिक्षक लखन लाल दुबे, अतिथि शिक्षक संतोष मौर्य, पीटीआई नंदकिशोर यादव, श्रीमती शिवानी राजपूत एवं श्रीमती निधि राजपूत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन एवं यातायात पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए विद्यालय की ओर से लखन लाल दुबे ने आभार व्यक्त किया गया।
नर्मदापुरम यातायात पुलिस की अपील…
नर्मदापुरम यातायात पुलिस विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अपील करती है कि हेलमेट और सीटबेल्ट को अपनी आदत बनाएं, यातायात संकेतों का पालन करें और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। अपने परिवार और मित्रों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
“सड़क पर आपकी जिम्मेदारी, किसी के जीवन की सुरक्षा बन सकती है। नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।”
— नर्मदापुरम यातायात, पुलिस।

