

नर्मदापुरम / इटारसी / नवरात्रि गरबा आयोजनों में धार्मिक मर्यादा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग, अखिल भारत हिंदू महासभा मध्य प्रदेश नर्मदापुरम ने सौंपा ज्ञापन। नवरात्रि पर्व के दौरान आयोजित होने वाले गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में धार्मिक मर्यादा, भारतीय संस्कृति एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा मध्य प्रदेश जिला नर्मदापुरम द्वारा पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने मांग की कि गरबा आयोजनों में अश्लील एवं अभद्र गीतों पर प्रतिबंध लगाया जाए तथा माँ दुर्गा की आराधना के अनुरूप धार्मिक एवं मर्यादित वातावरण बनाए रखा जाए। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महासभा ने गरबा स्थलों पर शराब एवं नशीले पदार्थों पर रोक लगाने, प्रवेश पास एवं पहचान-पत्र की जाँच करने तथा प्रतिभागियों के लिए शालीन एवं पारंपरिक भारतीय परिधान निर्धारित करने की मांग भी रखी। इसके अतिरिक्त, आयोजनों में पारिवारिक वातावरण बनाए रखने तथा प्रवेश व्यवस्था को धार्मिक आयोजन की प्रकृति और लागू नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने की मांग की गई।
अखिल भारत हिंदू महासभा ने प्रशासन से आग्रह किया कि जिले के समस्त गरबा आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
महासभा का कहना है कि नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व की गरिमा बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं मर्यादित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।जिसमें मुख्य रूप से उपस्थित प्रदेश महामंत्री कन्हैया लाल रैकवार, जिला जिला मीडिया प्रभारी मनोज पुरोहित, जिला संगठन मंत्री जितेंद्र मालवीय, जिला उपाध्यक्ष नितिन बस्तवार, नर्मदापुरम नगर अध्यक्ष गौतम बैरागी, इटारसी नगर उपाध्यक्ष मनोज भाट, अध्यक्ष युवा नेता मयंक पुरोहित, बृजेश बेलिया, लकी बस्तवार, आकाश बिसोपिया, गुड्डू गौर एवं समस्त हिंदू महासभा के कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।

