
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, वहीं व्यास कॉलोनी स्थित आंदेश्वर महादेव मंदिर के सामने महीनों से लगे मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय राय एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को लिखित आवेदन देकर मिट्टी के ढेरों को हटवाने की मांग की है।
पार्षद प्रतिनिधि ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान में नवरात्रि पर्व चल रहा है और मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु आ रहे हैं। लेकिन मंदिर के मुख्य मार्ग पर ही मिट्टी के ढेर लगे होने से आवागमन बाधित हो रहा है और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि उक्त मिट्टी के ढेरों को हटाने के लिए रहवासियों द्वारा कई दिनों से बार-बार मांग की जा रही है। उनके द्वारा स्वयं भी मौखिक रूप से संबंधित कर्मचारियों को अवगत कराया गया। कॉलोनी के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नवरात्रि को देखते हुए जनहित में शीघ्र संबंधित कर्मचारी को निर्देशित कर उक्त मिट्टी के ढेरों को हटवाया जाए, ताकि श्रद्धालु सुगमता से मंदिर में दर्शन कर सकें।
एसडीएम विजय राय ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत मिट्टी हटाने के निर्देश जारी किए।
दीपक दीक्षित ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी खुद को हिंदुओं की पार्टी बताती है, पर भाजपा की नगर पालिका में मंदिरों के सामने मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं और उन्हें कोई चिंता नहीं है। इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता समित पटेल, अजय सिंह भाटी मौजूद रहे।

