

नर्मदापुरम / भोपाल / 13 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी नर्मदापुरम द्वारा सैप्ट (CAPT), भोपाल में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर CATC-X का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान आयोजित इंटर ग्रुप कंपटीशन – ड्रिल एवं सांस्कृतिक में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय के 6 ग्रुप्स की टीमों ने भाग लिया। कैडेट्स ने ड्रिल में अपने अनुशासन और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इंटर ग्रुप कंपटीशन के अंतर्गत ड्रिल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भोपाल ग्रुप ओवर-ऑल विजेता रहा।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर शंकर तिवारी, उप महानिदेशक (DDG), एनसीसी निदेशालय मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ रहे।
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कैडेट्स को अनुशासन, एकता और नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेट्स को देश सेवा और राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय सहभागी बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने अव्वल दर्जे का शिविर आयोजित करने के लिए 13 म.प्र. बटालियन की प्रशंसा की।
इस अवसर पर कैम्प के समस्त अधिकारीगण, 13 म.प्र. बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल एसपी सिंह, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट, भोपाल ग्रुप के समस्त अधिकारी गण एवं समस्त पीआई स्टाफ, एएनओ, सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।

