
नर्मदापुरम / स्थानीय पुलिस लाइन स्थित आजाक थाने के सामने रविवार को यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित रहने से राहगीरों और देवीधाम दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां कई बार लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे पैदल यात्रियों को भी निकलने में कठिनाई हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात पुलिसकर्मी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी कान में मोबाइल लगाकर बातचीत करता रहा, जबकि सड़क पर यातायात प्रभावित होता रहा। ऐसे में जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में परेशानी हुई।
देवीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुविधा को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से मांग है कि इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए।

