


नर्मदापुरम / महिला सशक्तिकरण, नारी शक्ति के शौर्य और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को समर्पित ‘शक्ति शौर्य महारास का आयोजन नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा 14 अक्टूबर को किया जाएगा। हरदा बाईपास स्थित रेनट्री गार्डन एंड रिसोर्ट में शाम 7 बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में मातृशक्तियां गरबा और महारास के साथ तलवारबाजी के माध्यम से अपने साहस, कला और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन को लेकर महिलाओं एवं युवतियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम से जुड़े मनीष परदेशी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की भावना को केंद्र में रखकर आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पिछले 15 दिनों से बड़ी संख्या में मातृशक्तियां नियमित रूप से तलवारबाजी का अभ्यास कर रही हैं। अभ्यास के दौरान महिलाएं अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ तलवारबाजी के विभिन्न कौशल सीख रही हैं। तलवारबाजी की यह प्रस्तुति महिलाओं के साहस, दृढ़ संकल्प और सामर्थ्य को प्रदर्शित करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनेगी। नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने बताया कि ‘शक्ति शौर्य महारास’ मातृशक्तियों को समर्पित ऐसा आयोजन है, जिसमें भारतीय संस्कृति, परंपरा, नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण की भावना का संगम देखने को मिलेगा। शौर्य महारास के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की जाएगी, वहीं तलवारों के साथ शौर्य प्रदर्शन नारी शक्ति के साहस और सामर्थ्य को रेखांकित करेगा। यह आयोजन महिलाओं की सहभागिता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास भी है। आयोजन को लेकर चल रही तैयारियों और तलवारबाजी के नियमित अभ्यास के बीच अब सभी को 14 अक्टूबर को होने वाले इस महोत्सव का इंतजार है।

