



नर्मदापुरम / पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा तथा कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिला खेल खिलाड़ी संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य एवं नर्मदापुरम निवासी हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर का सम्मान किया। इस अवसर पर सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी आध्या तिवारी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के अन्य प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ियों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
देश का प्रतिनिधित्व करना ही किसी पदक से कम नहीं – विधायक डॉ. शर्मा…….
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में से किसी खिलाड़ी का भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना जाना ही किसी पदक से कम नहीं है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के साथ स्वर्ण पदक जीतना गौरव की बात है। उन्होंने हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर और सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी आध्या तिवारी को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से मिलती है सफलता – कलेक्टर
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम, लगन और निरंतर प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं। सफलता के लिए किया गया संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी होता है। उन्होंने कहा कि बच्चे जिस भी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उसमें पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रयास करें तो निश्चित ही सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कठिन संघर्ष के बाद प्राप्त सफलता केवल खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि वह उसके परिवार, माता-पिता, मित्रों और पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय बनती है। विवेक सागर और आध्या तिवारी ने अपनी उपलब्धियों से न केवल नर्मदापुरम जिले, बल्कि देश का नाम भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों से इन दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
देशवासियों के प्यार और आशीर्वाद से मिली सफलता – विवेक सागर
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर ने कहा कि देशवासियों और अपने स्वजनों के प्यार एवं आशीर्वाद से ही उन्हें यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआती दिनों से ही उन्हें लगातार सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है, जिससे अपने खेल को निखारने में मदद मिली। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सहयोग मिलता रहेगा, जिससे वे हॉकी के माध्यम से देश के लिए और बेहतर योगदान दे सकेंगे।
राज्य स्तरीय शालेय हॉकी में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान…..
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की 70वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में हॉकी में स्वर्ण पदक जीतने वाली जिले की टीम के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान अक्षत अहिरवार, रुद्राक्ष जोशी, मयंक एवं प्रभात उईके का सम्मान कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री सीमा बडोले सहित विभिन्न खेलों के कोच, खिलाड़ी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

