
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / विगत दिनों कलेक्टर सोमेश मिश्रा के दिशा निर्देशन में सिवनी मालवा एसडीएम विजय राय के मार्गदर्शन में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त टीम ने सिवनीमालवा के शिवपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर छापामार कार्यवाही की थी। इस दौरान कुल पांच क्लीनिकों पर कार्रवाई की गई थी । जिसमें दो बंगाली डॉक्टरों, दो बी.एच.एम. एस. और एक बी.ई.एम.एस. डॉक्टर के क्लीनिक शामिल रहे। जाँच में दोनों बंगाली डॉक्टरों के क्लीनिक बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री के चलते पाए गए थे। जहाँ से भारी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां बरामद की गईं थी। वहीं बंगाली डॉक्टर अंजन कुमार विश्वास के क्लीनिक पर जंग लगा हुआ दंत चिकित्सा का सामान,भारी गंदगी और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही पाई गई थी। जिसके चलते सभी झोलाछाप डॉक्टरों के प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया था। तत्संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुर की पीएचसी में पदस्थ फार्मासिस्ट रविन्द्र यादव की रिपोर्ट पर शिवपुर थाना पुलिस ने बंगाली डॉक्टर अंजन कुमार विश्वास के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। बताया गया कि शिवपुर के नर्मदा कॉम्लेक्स में अंजन कुमार विश्वास बगैर डिग्री ओर बगैर कोई प्रमाण पत्र के दांतों का अवैध दवाखाना संचालित कर रहे थे। जिस पर गत दिनों प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना में लिया है, आरोपी डॉक्टर की तलाश जारी है।

