
नर्मदापुरम् / आगामी त्यौहारी सीजन और शक्ति के पर्व नवरात्रि को पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर और उल्लासपूर्ण बनाने के लिए नर्मदापुरम् नगरपालिका ने कमर कस ली है। शहर में विशेष स्वच्छता अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है, ताकि पर्वों के दौरान बाजारों और रिहायशी इलाकों में साफ-सुथरा माहौल बना रहे।
रात के समय भी दौड़ रहे कचरा वाहन….
त्यौहारी सीजन में बाजारों की बढ़ती रौनक और खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका ने व्यवस्थाओं में विशेष बदलाव किए हैं। स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी अनुराग तिवारी ने जानकारी दी कि नपाध्यक्ष नीतू यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के मार्गदर्शन में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बाजार क्षेत्रों में दिन के अलावा रात के समय भी कचरा वाहनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे रात्रिकालीन बाजारों और प्रमुख व्यापारिक केंद्रों का कचरा तुरंत उठाया जा सके।
अलसुबह से मैदान में डटे स्वच्छतादूत….
अभियान के तहत शुक्रवार अलसुबह से ही शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छतादूतों ने मोर्चा संभाल लिया। चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जेसीबी की मदद से सघन साफ-सफाई की गई ताकि सुबह उठने वाले नागरिकों और दुकानदारों को स्वच्छ परिवेश मिले।
नपाध्यक्ष नीतू यादव ने शहर के सभी नागरिकों, व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने अपील करते हुए कहा शक्ति की भक्ति के समय में शहर की स्वच्छता बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कृपया कचरा सड़कों पर न फेंका जाए। जब भी कचरा वाहन आपके घर या दुकान के पास आए, कचरा उसी में डालें। अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन जरूर रखें ताकि शहर को साफ और पॉलीथिन मुक्त रखा जा सके। इसके साथ ही, उन्होंने जिलावासियों को शक्ति के पावन पर्व नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं। नगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, जिसमें आमजन का सहयोग शहर को प्रदेश में स्वच्छता का एक नया आयाम दिलाएगा।

