
नर्मदापुरम / इटारसी में पितृमोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर खाटू श्याम रसोई परिवार द्वारा जरूरतमंद लोगों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन में उम्मीद दिव्यांग केंद्र के सदस्यों ने विशेष रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान रोजगार से वंचित लोगों से संवाद कर उनकी परिस्थितियों और आवश्यकताओं को समझा गया तथा उन्हें स्वावलंबन की दिशा में परामर्श देकर चिन्हित किया गया।
दोनों समय नियमित भोजन की व्यवस्था….
सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सिंह ठाकुर ने बताया कि खाटू श्याम रसोई का संचालन पूरी तरह जनसहयोग और सेवाभाव से किया जा रहा है। यहाँ जरूरतमंदों के लिए नियमित रूप से सुबह-शाम भोजन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब इस भोजन व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंदों को शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक सहायता से जोड़ने के प्रयासों को भी गति दी जाएगी।
‘भिक्षावृत्ति मुक्त इटारसी’ का संकल्प….
आगामी नवरात्रि के पावन पर्व से उम्मीद दिव्यांग केंद्र और सामाजिक सहयोगियों के साथ मिलकर ‘भिक्षावृत्ति मुक्त इटारसी’ अभियान शुरू करने का संकल्प लिया गया है। इस पहल के तहत भिक्षावृत्ति में जीवन गुजार रहे लोगों की कार्यक्षमता और रुचि के अनुसार उन्हें कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा।
शिक्षा और आश्रय से जुड़ेंगे असहाय व बच्चे….
योजना के तहत वृद्धों व असहायों को वृद्धाश्रम एवं उपयुक्त सेवा संस्थाओं में आश्रय दिलाया जाएगा। वहीं, संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों व बालिकाओं को संबंधित शासकीय विभागों के समन्वय से सुरक्षित संस्थानों तक पहुँचाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्कूल न जाने वाले बच्चों को चिन्हित कर उनके दाखिले और शिक्षा को जारी रखने में मदद की जाएगी।
मनीष ठाकुर ने शहरवासियों से भोजन, पठन-पाठन सामग्री, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की है। इस दौरान रुद्रांश ठाकुर, नितिन वर्मा, सिद्धार्थ चौधरी सहित खाटू श्याम रसोई का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।

