


नर्मदापुरम / ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहगंज, जिला सीहोर के विद्यार्थियों हेतु एन.ई.एस. शिक्षा महाविद्यालय, नर्मदापुरम् में एक दिवसीय शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भ्रमण सह विचार गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस भ्रमण में विद्यालय के 100 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम व सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
उच्च शिक्षा एवं करियर निर्माण पर विशेष व्याख्यान….
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की डॉ. ज्योत्सना खरे ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने उच्च शिक्षा के महत्व, सही करियर चयन की रणनीतियों और शैक्षणिक कौशल के विकास पर प्रकाश डाला। डॉ. खरे ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन शैली अपनाते हुए भविष्य में एक कुशल पेशेवर और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
व्यावसायिक पाठ्यक्रमों एवं सुविधाओं की जानकारी….
विचार गोष्ठी में डॉ. कमलेश शुक्ला एवं श्री दीपक अहिरवार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित उच्च स्तरीय पाठ्यक्रमों एवं अकादमिक व शोध संसाधन: अध्ययन हेतु मुख्य लाइब्रेरी, शोध को बढ़ावा देने वाला रिसर्च सेल, कंप्यूटर लैब एवं रचनात्मक विकास के लिए समर्पित आर्ट एंड क्राफ्ट रूम।
खेल एवं हरित परिसर सुविधाएं: सर्वसुविधायुक्त बैडमिंटन हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट और स्विमिंग पूल। साथ ही, परिसर सुरक्षा हेतु आधुनिक फायर सेफ्टी यंत्र एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।
उत्साहजनक रहा भ्रमण का अनुभव….
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और खेल परिसरों का अवलोकन किया। छात्र-छात्राओं ने इस प्रकार के व्यावहारिक भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और भावी करियर चयन के दृष्टिकोण से प्रेरणादायक बताया।

