
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत आज पीएम श्री कन्या शाला उत्तर माध्यमिक विद्यालय, सिवनी मालवा में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी एवं बैडमिंटन सहित आवश्यक शैक्षणिक और खेल सामग्री का वितरण किया।
इस अवसर पर विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर मिलने चाहिए। विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
विधायक श्री वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसेवा, समाज के प्रति समर्पण और जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाना है। सेवा के ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

