

नर्मदापुरम / शहर में शारदीय नवरात्रि को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल है। रविवार से मां भगवती, मां काली और भगवान शंकर की प्रतिमाओं की स्थापना होगी। शहर भर में नौ दिनों तक धार्मिक आयोजन होंगे। आकर्षक साज-सज्जा से सजे पंडालों में श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं, विभिन्न स्थानों और गार्डन में गरबा आयोजनों की धूम भी रहेगी।
नवरात्रि के दौरान पूरा नर्मदांचल देवी आराधना में लीन नजर आएगा। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पंडाल सजाए जा रहे हैं, जहां मां भगवती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। धार्मिक आस्था के इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
गुप्ता ग्राउंड में प्रतिमाओं को दिया अंतिम रूप….
शहर के गुप्ता ग्राउंड में मूर्तिकार मां दुर्गा, काली और भगवान शंकर की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पिछले करीब 10 से 15 वर्षों से प्रतिमा निर्माण कर रहे कैलाश बेलौरे, आशु और कमल प्रजापति ने बताया कि स्थापना से एक दिन पहले सभी प्रतिमाओं को तैयार कर लिया जाता है। प्रतिमाओं को आकर्षक और सुंदर स्वरूप देने के लिए विशेष मेहनत की जाती है।
मूर्तिकारों के अनुसार, प्रतिमा निर्माण के लिए खेतों से मिट्टी लाकर उसे अच्छी तरह छाना जाता है। इसके बाद आवश्यक सामग्री मिलाकर मिट्टी तैयार की जाती है और सांचों की सहायता से प्रतिमाओं का निर्माण किया जाता है। फिर बारीकी से सजावट और रंग-रोगन कर उन्हें आकर्षक रूप दिया जाता है।

