दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र पूर्व पचमढ़ी अंतर्गत ग्राम बिंदाखेड़ा डबरी टोला के निकट खेत में बिना मुंडेर के कुएं में गिरे एक मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू किया गया। यह रेस्क्यू अभियान क्षेत्र संचालक श्रीमती राखी नंदा के मार्गदर्शन एवं उपसंचालक श्रीमती ऋषिभा नेताम के निर्देशन में सहायक संचालक पचमढ़ी संजीव शर्मा, परिक्षेत्र अधिकारी पूर्व पचमढ़ी भूपेश चौरसिया, परिक्षेत्र सहायक मटकुली राजेश पटेल, रेस्क्यू दल के सदस्यों सहित अन्य वन अमले की उपस्थित में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्राम बिंदाखेड़ा (डबरी टोला) के ग्रामीणों द्वारा वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी गयी कि नन्हेवीर यादव के खेत के कुएं में एक मगरमच्छ गिरा है। प्राप्त सूचना के आधार पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का वन अमला एवं रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचे। कुएं में पानी भरा होने के कारण मगरमच्छ को सीधे निकालना चुनौतीपूर्ण था, इस समस्या के समाधान के लिए मोटर पंप की सहायता से कुएं का पानी खाली किया गया, जिसके उपरांत रेस्क्यू दल ने सुरक्षित रूप से मगरमच्छ को बाहर निकाला। मगरमच्छ सुरक्षित एवं स्वस्थ पाया गया, मगरमच्छ की लंबाई 6 फुट 1 इंच एवं वजन 28.5 किलोग्राम पाया गया। रेस्क्यू उपरांत मगरमच्छ को तवा जलाशय के बैकवाटर में उपयुक्त स्थान पर छोड़ा गया।

