423 प्रकरणों में लाइसेंस निलंबन हेतु कार्रवाई
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा दिनांक 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना भी रहा।अभियान के अंतिम दिन जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 161 चालान किए गए तथा 55,900 समन शुल्क वसूला गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 121 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर 36,300 का समन शुल्क वसूला गया। बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने वाले 28 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर 14,000 का समन शुल्क वसूला गया। ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु कुल 50 प्रकरण क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को भेजे गए, जिनमें 48 पीओएस मशीन तथा 2 पत्र के माध्यम से प्रेषित किए गए।अन्य चालानी कार्रवाई: कुल चालानों में शेष 12 चालान तथा 5,600 का समन शुल्क अन्य यातायात उल्लंघनों से संबंधित है। अंतिम दिन 8 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें एक स्कूल/कॉलेज के 40 विद्यार्थियों तथा अन्य स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से 370 नागरिकों एवं लाभार्थियों को जागरूक किया गया। अब तक कार्रवाई में कुल चालान 1,831 कुल समन शुल्क 7,75,600
बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1,299 चालान
बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने पर कार्रवाई 375 चालान
अन्य यातायात उल्लंघनों पर कार्रवाई 157 चालान
लाइसेंस निलंबन हेतु RTO को भेजे गए प्रकरण 423
कुल जागरूकता कार्यक्रम 91 है। यह विशेष अभियान निर्धारित अवधि के साथ संपन्न हो गया है, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिए नर्मदापुरम पुलिस की नियमित चेकिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई तथा जन जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।

