
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और सफाई मित्रों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर दीपक दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने अनुविभागीय अधिकारी विजय राय के नाम नायब तहसीलदार आलोक भद्र को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से सफाई मित्रों के वेतन भुगतान की निश्चित समय-सीमा निर्धारित करने तथा उनके हाजिरी स्थल पर छाया की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके साथ ही नगर पालिका से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीपीएफ एवं अन्य फंड की राशि का नियमानुसार एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
इस अवसर पर दीपक दीक्षित एवं अजय सिंह भाटी ने कहा कि पूर्व में भी कलेक्टर से ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई थी कि सिवनी मालवा नगर पालिका में सफाई कर्मियों एवं कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र किसी के बहकावे में न आएं। पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधियों का उद्देश्य किसी भी कर्मचारी की भावनाओं को आहत करना नहीं है, बल्कि सफाई मित्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि कांग्रेस परिवार ने सफाई मित्रों की लड़ाई पहले भी लड़ी थी, अभी भी लड़ रही है और भविष्य में भी लड़ती रहेगी। कांग्रेस पार्टी तन-मन-धन से सफाई मित्रों के साथ थी, साथ है और हमेशा साथ रहेगी।
उन्होंने शासन से मांग की कि सफाई मित्रों को समय पर वेतन दिया जाए, उनके हाजिरी स्थल पर छाया सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सेवानिवृत्त नगर पालिका कर्मचारियों के लंबित भुगतान के लिए निश्चित समय-सीमा तय की जाए। सफाई मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, महासचिव म.प्र. कांग्रेस कमेटी राजकुमार केलु उपाध्याय, ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रघुवंशी, नगर अध्यक्ष सुदेश शर्मा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैरिसन स्वामी, मुकेश पटेल, अजय पटेल, बसंत रघुवंशी, रत्नेश रघुवंशी, मनीष वर्मा, संगीत दुबे, अभय सोनी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

