


नर्मदापुरम / शक्ति आराधना का पावन पर्व शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। नवरात्रि के स्वागत को लेकर संपूर्ण नर्मदांचल में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां चल रही हैं, वहीं गुप्ता ग्राउंड में मूर्तिकार मां दुर्गा सहित भगवान शंकर की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर मिट्टी और अन्य सामग्री से तैयार प्रतिमाओं को आकार, स्वरूप और आकर्षक रूप देने में लगे हैं। गुप्ता ग्राउंड में एक ओर जहां मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं, वहीं भगवान शंकर की प्रतिमाएं भी अपनी अंतिम साज-सज्जा की ओर बढ़ रही हैं।
नवरात्रि को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल बनने लगा है। आने वाले दिनों में विभिन्न दुर्गा पंडालों में प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही पूरे नर्मदापुरम में भक्ति, आराधना और धार्मिक आयोजनों की धूम देखने को मिलेगी।

