
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर अपने कार्यकाल के पिछले 4 वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं वर्तमान में चल रहे कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
नपाध्यक्ष जैन ने कहा कि पिछले लगभग 60 वर्षों में पहली बार नगर की सीमा का विस्तार हुआ है। सीमा विस्तार से नगर का क्षेत्रफल बढ़ा है, जिससे आगामी परिसीमन में वार्डों की संख्या बढ़कर लगभग 25 हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए नगर में 6 खेल मैदान बनाकर तैयार कर दिए गए हैं। गौवंश के संरक्षण के लिए बड़ी पहल करते हुए कलेक्टर महोदय द्वारा 130 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहाँ गौ अभ्यारण्य बनाया जाएगा। अभ्यारण्य बनने के बाद हजारों निराश्रित गौवंश को आश्रय मिल सकेगा।
नपाध्यक्ष ने बताया कि बानापुरा के साप्ताहिक गुरुवार बाजार को व्यवस्थित किया गया है, वहीं सिवनी मालवा के मुख्य बाजार एवं पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है, जिससे नागरिकों को जाम से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि सिवनी मालवा नगरपालिका को सफाई एवं पर्यावरण के क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त हुआ है, इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में लगातार सुधार के प्रयास जारी हैं।

