
नर्मदापुरम / यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय नर्मदापुरम के तत्वावधान में मंगलवार, 6 अक्टूबर को निजी रिसॉर्ट में गरिमामय ‘हिंदी दिवस समारोह एवं संगीतमय संध्या’ का आयोजन किया गया।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नर्मदापुरम के क्षेत्र प्रमुख राज कुमार सेन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया (भोपाल सेंट्रल) के क्षेत्र प्रमुख आनंद कुमार अपनी धर्मपत्नी श्रीमती पूनम कुमारी के साथ उपस्थित रहे। मंच पर श्रीमती ज्योति मुखर्जी सेन की भी विशेष उपस्थिति रही।
गृह पत्रिका “यूनियन शौर्य” का विमोचन व पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के दौरान बैंक के संदर्भ साहित्य एवं आंतरिक गृह पत्रिका “यूनियन शौर्य” का औपचारिक विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित कुल 10 विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता स्टाफ सदस्यों को 55 पुरस्कार वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए 8 बैंक कर्मियों को व्यक्तिगत राजभाषा सम्मान दिया गया। बगडोना शाखा बनी सर्वश्रेष्ठ राजभाषा कार्यान्वयन में अग्रणी प्रदर्शन के लिए शाखाओं को ‘अंतर-शाखा राजभाषा शील्ड’ से नवाजा गया।
बगडोना शाखा: संपूर्ण क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ शाखा घोषित।
छिंदवाड़ा मुख्य शाखा, सिविल हॉस्पिटल हरदा शाखा एवं शिवपुरी शाखा: अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां समारोह में बैंक कर्मियों और उनके बच्चों ने एकल व सामूहिक नृत्य, सुगम गायन, कविता पाठ और पियानो वादन की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर शाम को संगीतमय बना दिया। विशेष आकर्षण श्रीमती ज्योति मुखर्जी सेन की शानदार गायन एवं नृत्य प्रस्तुति रही, जिसकी सभागार में मौजूद सभी लोगों ने सराहना की। संबोधन में क्षेत्र प्रमुख राज कुमार सेन ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए आह्वान किया कि रोजमर्रा के बैंकिंग कामकाज में हिंदी को प्राथमिकता से अपनाएं। कार्यक्रम में क्षेत्रीय एश्योरेंस प्रमुख संजय कुमार, विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

