
नर्मदापुरम /शासकीय एकीकृत कन्या माध्यमिक शाला सांगाखेड़ा कला में सोमवार को शाला प्रबंधन समिति की बैठक गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, छात्रवृत्ति, जाति प्रमाण-पत्र, अपार आईडी सहित विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान पितृ पक्ष के पावन अवसर पर माननीय जिला परियोजना समन्वयक (DPC) द्वारा संचालित “एक दान पितरों के नाम” अभियान की जानकारी उपस्थित पालकों एवं समिति सदस्यों को दी गई। अभियान के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और शिक्षा के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए समाजसेवियों एवं शाला हितैषियों द्वारा किए गए सहयोग को विशेष रूप से सराहा गया। सुरेन्द्र शालनी साहू द्वारा विद्यार्थियों के लिए फिल्टरयुक्त वाटर कूलर पिता स्व. श्री गोरी शंकर कस्तूरी बाई साहू की स्मृति में प्रदान किया गया। वहीं राजीव कुरापा द्वारा दो सीलिंग पंखे, श्रीमती सरिता राजपूत द्वारा एक सीलिंग पंखा तथा श्रीमती परमेश्वरी चौकीकर द्वारा अपनों की स्मृति में एक गोदरेज अलमारी विद्यालय को दान स्वरूप प्रदान की गई।
दानदाताओं के इस पुनीत एवं अनुकरणीय सेवाभाव के प्रति शाला परिवार एवं शाला प्रबंधन समिति ने हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में विद्यार्थियों की सुविधा और विद्यालय के विकास के लिए किया गया प्रत्येक सहयोग केवल एक वस्तु का दान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है।
बैठक में शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी सैनी, उपाध्यक्ष श्रीमती आरती दुबे, सदस्य श्रीमती बबली सैनी, श्रीमती प्रीति सैनी सहित बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। सभी पालकों ने शाला के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्माण के लिए यथासंभव सहयोग प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी नितिन मेसकर, किशोर गौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। शाला परिवार की ओर से श्रीमती सावित्री सैनी, श्रीमती बिंदु केवट, श्रीमती सरिता राजपूत, श्रीमती प्रीति नामदेव, हर्षवर्धन भारद्वाज, हितेश चौधरी, श्रीमती किरण विश्वकर्मा, श्रीमती पूना मौर्य एवं कमल पुरी गोस्वामी सहित समस्त स्टाफ की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक बृजमोहन सैनी ने विद्यालय हित में सहयोग प्रदान करने वाले सभी भामाशाहों, समाजसेवियों, पालकों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और विद्यालय के बीच सहयोग एवं सहभागिता की यह भावना ही एक सशक्त, संस्कारित एवं उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी।

