
नर्मदापुरम / सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जारी कैलेंडर के अनुपालन में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय नर्मदा स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ परिसर के साथ विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
महाविद्यालय की सक्रिय एनएसएस छात्र शाखा के प्रभारी डॉ. एस.के. दिवाकर के नेतृत्व तथा सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. के.जी. मिश्र के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए परिसर को स्वच्छ बनाया और प्लास्टिक मुक्त परिसर के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. चौकसे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के स्वस्थ और संस्कारित जीवन का आधार है। उन्होंने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में शारीरिक स्वच्छता के साथ-साथ मानसिक पवित्रता और सकारात्मक सोच के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. राजेश दीवान, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. कल्पना विश्वास सहित अनेक प्राध्यापकों ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों में एन एस एस शिक्षक साहिल, धर्मेन्द्र कटारे सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। कार्यक्रम में डॉ. इरा वर्मा, डॉ. अपूर्वा वर्मा, डॉ. आलोक मित्रा, डॉ. एन.आर. अडलक, डॉ. धर्मेन्द्र कोरी सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष अहिरवार ने किया। स्वच्छता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ परिसर केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सामूहिक संकल्प और सहभागिता से ही संभव है।

