
नर्मदापुरम / जिला कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांडिया निवासी महेश पटेल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया है। जिला अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि महेश पटेल द्वारा लगातार पार्टी की गतिविधियों एवं संगठन के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बयानबाजी की जा रही थी। उन्हें पूर्व में समझाइश दिए जाने के बावजूद सोशल मीडिया पर ऐसी गतिविधियां जारी रहने पर अनुशासन समिति द्वारा बड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। समिति ने पार्टी संगठन की गरिमा एवं अनुशासन को ध्यान में रखते हुए महेश पटेल को छह वर्ष के लिए कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया। समिति के निर्णय से प्रदेश कांग्रेस के संबंधित पदाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा इसकी सूचना जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे को भी दे दी गई है।
जिला अनुशासन समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र मालवीय ने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी की मर्यादा के विरुद्ध लगातार की जाने वाली गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

