
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग एवं जिला कलेक्टर के निर्देशन तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना, निर्वाचन साक्षरता क्लब एवं नशामुक्ति क्लब के संयुक्त सहयोग से निरंतर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. भारती दुबे एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी इकाई-1 सुश्री काजल बाथरे एवं इकाई-2 सुश्री पूजा गोस्वामी के नेतृत्व में 2 से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत नशामुक्ति एवं मतदाता जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी श्रृंखला में सोमवार को महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता के अंतर्गत मतदाता जागरूकता स्लोगन प्रतियोगिता एवं मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत नशामुक्ति विषय पर रील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से मतदाता अधिकार, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। वहीं रील मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व को दर्शाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक सहभागिता की भावना विकसित करने के साथ-साथ नशे के विरुद्ध सकारात्मक सोच उत्पन्न करना और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना रहा। मतदाता जागरूकता स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान निर्मला राजपूत द्वितीय स्थान हुमेरा अली एवं तृतीय स्थान सलोनी दुबे ने प्राप्त किया। नशा मुक्त रील मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सलोनी दुबे, द्वितीय स्थान हुमेरा अली एवं तृतीय स्थान सुलोचना में प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

