
नर्मदापुरम / अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठजन दिवस के अवसर पर रविवार को नेहरू पार्क में आयोजित ‘सुरीला नर्मदापुरम’ के साप्ताहिक संगीत कार्यक्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान में विशेष आयोजन किया गया। नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के 100 से अधिक वरिष्ठजनों का तिलक लगाकर, अंगवस्त्र पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष रुपेश राजपूत सहित नर्मदापुर युवा मंडल एवं सुरीला नर्मदापुरम के सदस्यों ने वरिष्ठजनों का सम्मान किया। इस दौरान वरिष्ठजनों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठजन भी भावुक नजर आए और उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए युवा मंडल के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और संस्कारों से परिवार, समाज और राष्ट्र को दिशा देने का कार्य किया है। आज की युवा पीढ़ी के लिए वरिष्ठजनों का अनुभव एक बड़ी पूंजी है। उनका सम्मान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘सुरीला नर्मदापुरम’ के मंच से वरिष्ठजनों का सम्मान कर युवा मंडल ने नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया है।
सुरीला नर्मदापुरम के हरीश मांझी ने बताया कि इस रविवार का पूरा संगीत कार्यक्रम वरिष्ठजनों को समर्पित रहा। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में सुरीला नर्मदापुरम के गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुतियां दीं। संगीत की मधुर प्रस्तुतियों के बीच वरिष्ठजनों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में गीत-संगीत के साथ वरिष्ठजनों के जीवन अनुभवों और समाज में उनके योगदान को भी याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों ने भी कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ समाज में पीढ़ियों के बीच संवाद और आत्मीयता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का संचालन मंडल सचिव मनीष परदेशी ने किया, जबकि महेंद्र सिंह राजपूत ने सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में नर्मदापुर युवा मंडल एवं सुरीला नर्मदापुरम के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

