
नर्मदापुरम / सांसद माया नारोलिया की कार एक हादसे का शिकार हो गई। सांसद माया नारोलिया शनिवार को भोपाल आते समय सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। हादसा रायसेन जिले के मंडीदीप क्षेत्र में खेड़ापति माता मंदिर के पास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार सांसद माया नारोलिया का काफिला भोपाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे काफिले में चल रही डीएसपी की कार समय पर नहीं रुक सकी और सांसद की कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। लेकिन हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई सभी सुरक्षित रहे। राहत की बात यह रही कि हादसे में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, उनके स्टाफ तथा दोनों वाहनों में सवार किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ समय तक काफिला मौके पर रुका रहा, जिसके बाद सभी वाहन भोपाल के लिए रवाना हो गए।

