

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सतवासा में रविवार को आयोजित खंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर में विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा शामिल हुए। शिविर के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीणों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हितग्राही उपस्थित हुए। हितग्राहियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है। ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई न हो।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

