

नर्मदापुरम / सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक राखी नंदा के दिशा निर्देशन में एवं उप संचालक सुश्री ऋषभा सिंह नेताम के मार्गदर्शन में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वाड प्रभारी मार्तंड सिंह मरावी के कुशल नेतृत्व में 1 अक्टूबर से निरंतर ‘वन्य प्राणी सप्ताह’ एवं ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता व सघन सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत चलाए जा रहे ऑपरेशन थंडर’ के दौरान डॉग अपोलो के साथ रेलवे स्टेशन और बैरियर पर सघन चेकिंग की गई। इस अभियान के तहत स्कूलों, बस स्टैंड और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया। वही पारधी टोला के बच्चों व पालकों ने वन्यजीव संरक्षण की शपथ ली।बताया गया कि शनिवार 3 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत झिरिया बैरियर पर वन अमले द्वारा शासकीय स्निफर डॉग ‘अपोलो’ की मदद से आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली गई। वाहन चालकों को वन क्षेत्र में वन्य प्राणियों की सुरक्षा की दृष्टि से वाहनों की गति धीमी रखने की समझाइश दी गई। इसके उपरांत आरपीएफ एवं जीआरपी पिपरिया स्टाफ के संयुक्त समन्वय से पिपरिया रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्मों, पार्सल कार्यालय तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त व चेकिंग की गई। टीम ने यात्रियों और आमजन को वन्य जीव अंगों के अवैध व्यापार पर रोक एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अगले चरण में वन परिक्षेत्र सोहागपुर अंतर्गत जमनी टोला (पारधी ढाना) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। वन अमले ने स्थानीय बच्चों को वन्यजीवों के पारिस्थितिक महत्व से अवगत कराया एवं उन्हें पठन-पाठन सामग्री वितरित की। बच्चों ने वन्यजीवों से संबंधित प्रश्नोत्तरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों सहित उनके माता-पिता ने भी वन्य जीवों के संरक्षण एवं उन्हें बचाने हेतु सामूहिक शपथ ग्रहण की।

