
इटारसी / नवरात्रि पर्व के पूर्व शहर की बदहाल सड़क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट एवं सफाई व्यवस्था को लेकर *जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने चिंता व्यक्त की है।* उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नवरात्रि पर्व को देखते हुए शहर की मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचते हैं। ऐसे समय में शहर की सड़कों की स्थिति, जगह-जगह फैली गंदगी, खराब स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था की समस्याएं नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। नगर पालिका प्रशासन को पर्व से पहले विशेष अभियान चलाकर इन समस्याओं का निराकरण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त पेयजल आपूर्ति, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही नवरात्रि के दौरान मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था की जाए। आगे जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान इटारसी शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में नगर पालिका की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका का दायित्व है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से अपील की कि बदहाल सड़कों, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र समाधान किया जाए।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि पर्व के अवसर पर शहर स्वच्छ, व्यवस्थित एवं रोशन नजर आए और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, ताकि शहर वासी इस धार्मिक पर्व का आनंद ले सकें और श्रद्धा भाव के साथ भक्ति कर सकें। इसके लिए प्रशासन को अभी से प्रभावी कार्रवाई शुरू करनी चाहिए।

