

नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर, रेड रिबन क्लब एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. भारती दुबे एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया एवं कचरा एकत्रित कर निष्पादन किया गया जिसमें स्वच्छता के महत्व का संदेश देते हुए छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं ने सहभागिता की। छात्राओं द्वारा महात्मा गांधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ एवं ’’रघुपति राघव राजा राम’’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने द्वारा छात्राओं को मतदान जागरूकता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व को समझाते हुए स्वयं मतदान करने तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें वस्त्र भेंट किए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी श्रीमती मनीषा वाघमारे, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी इकाई-1 सुश्री काजल बाथरे एवं इकाई-2 सुश्री पूजा गोस्वामी का विशेष सहयोग एवं सहभागिता रही। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

