

नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं जिम्मेदारियों के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पचमढ़ी में एक अनूठा आयोजन करते हुए मानव श्रंखला के माध्यम से ‘25’ की आकृति बनाकर प्रधानमंत्री के सेवाकाल को सम्मानपूर्वक अभिव्यक्त किया गया। इस अवसर पर विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन, एसडीएम पिपरिया आकिप खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन पंचारण्य हाट बाजार में किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम में 300 से अधिक नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर मानव रंगोली के रूप में ‘25’ की आकृति तैयार की, जो प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के समर्पित सेवा कार्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक बनी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
_______________

