

नर्मदापुरम / इटारसी / समाज में बेटियों की सफलता को सम्मान एवं प्रोत्साहन देने के लिए गाँधी शास्त्री जयंती के अवसर पर कतिया समाज समिति इटारसी द्वारा मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित गणित विषय की अस्सिटेंट प्रोफेसर साक्षी हनोते का निजी होटल में ढोल बाजों के साथ आतिश बाजी कर गर्म जोशी के साथ जोशीले अंदाज में स्वागत किया गया ।
गांधी जी बच्चों से बहुत प्यार करते थे आज वह समाज में बेटियों की सफलता पर निश्चित रूप से बहुत खुश हो रहे होंगे। इसी तारतम्य में समिति के अध्यक्ष गणेश प्रसाद ठाकरे की अध्यक्षता में समस्त पदाधिकारियों एवं स्वजातीय बंधुओं ने पुष्प गुच्छ एवं महिला शक्तियों द्वारा पुष्पहारों द्वारा स्वागत कर मुँह मीठा किया। समाज की बेटियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होकर विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा में अपना योगदान देने पर सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए करतल ध्वनि से जोरदार स्वागत किया ।
इस अवसर पर समाज को संदेश एवं युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन देते हुए साक्षी हनोते ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता गुरुजनों को दिया।सफलता का रिजल्ट तो एक दिन में आ जाता है लेकिन इसके लिए कठिन मेहनत में वर्षों लग जाते हैं। मेंने भी गाँव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर अपनी लगन से यह सफलता हासिल की है।
गांधी शास्त्री जयंती के इस शुभ अवसर पर समिति के लखन लाल आरसे, माखन लाल लांझेश, ओमप्रकाश ग्यारसे, मनफूल साल्वे, शंकर लाल जावरिया, संतोष पठारिया आदि ने अपने सारगर्भित उद्बोधन से सम्बोधित किया। साथ ही महिला शक्तियों ने भी महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष एडवोकेट ममता नागेश, विजयलक्ष्मी नागवंशी, अनीता ठाकरे, पिंकी ग्यारसे, संगीता पठारिया, निर्मला जावरिया, दीपिका पठारिया, इंदुमती आरसे आदि ने समाज के कमज़ोर बच्चों को उचित मार्गदर्शन, यथा संभव सहयोग आदि विषयों पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम का सफल संचालन एवं स्वल्पाहार आदि की व्यवस्था में नितिन सोनवंशी, शुभम् आरसे का योगदान सराहनीय रहा। अपना अमूल्य समय देकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गणेश ठाकरे ने सभी का आभार व्यक्त किया।

