
नर्मदापुरम / शासकीय कन्या शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में NSS एवं NCC द्वारा गांधी विचार दर्शन पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर महाविद्यालय प्राचार्य एवं समस्त प्राध्यापकगण द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, नैतिकता, स्वावलंबन एवं सामाजिक समरसता के विचारों से परिचित कराना तथा वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता को समझाना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने गांधीजी के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धांत विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. संजय आर्य ने गांधी दर्शन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी ने अपने विचारों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें अपने जीवन में व्यवहार के रूप में अपनाया।
इस अवसर पर डॉ. शिरीष पारसई ने भी गांधीजी के विचारों, सामाजिक समरसता एवं नैतिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को गांधीजी के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। एन.सी.सी. अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल एवं एन.एस.एस. अधिकारी कु. नीतू अहिरवार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
परिचर्चा में सभी प्राध्यापकों ने भी गांधीजी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा उनके सामाजिक एवं नैतिक विचारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। अंत में प्राचार्य द्वारा सभी को स्वच्छता की शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन गांधीजी के आदर्शों एवं जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ किया गया।

