नर्मदापुरम / स्टेशन क्षेत्र इटारसी में राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा राजभाषा सप्ताह -2026 का आयोजन दिनांक 22 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक किया गया । कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के प्रति रुचि बढ़ाने एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । सप्ताह के दौरान भाषण, कविता पाठ, निबंध एवं शुद्ध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । कर्मचारियों के ज्ञान में वृद्धि करने के उद्देश्य से प्रश्न-मंच कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें राजभाषा सामान्य ज्ञान एवं रेलवे से संबंधित प्रश्न पूछे गए । इन प्रतियोगिताओं में स्टेशन क्षेत्र के कर्मचारियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया । विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । राजभाषा सप्ताह – 2026 के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में समिति के अध्यक्ष डॉक्टर फरजीन ने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल समारोहों एवं कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर दैनिक कार्य प्रणाली का हिस्सा बनाएं । उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करें तथा राजभाषा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करें । सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए अध्यक्ष ने विजेताओं को शुभकामनाएं दी । क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसी गतिविधियां हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी प्रोत्साहित करती है । उन्होंने कहा कि राजभाषा का विकास सामूहिक प्रयासों से ही संभव है । प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का छोटा सा प्रयास हिंदी के व्यापक और प्रभावी प्रयोग की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है । इस अवसर पर सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं राजभाषा कार्यान्वन समिति के अध्यक्ष डॉ. फरजीन, क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार शर्मा, स्टेशन प्रबंधक विनोद कुमार चौधरी, डॉ. प्रशांत एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अनुवादक श्रीमती दमयंती सैनी उपस्थित थे । कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अनुवादक राजेश कुमार ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं राजभाषा समिति के सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया एवं कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

