

नर्मदापुरम / भैरोपुर / राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को सिवनी मालवा क्षेत्र के ग्राम भैरोपुर में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा गठित लक्ष्मी समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में शपथ ग्रहण समारोह एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्राम की प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार हीरू कुमरे रहे। साथ ही मध्यप्रदेश किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे सहित जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी समाज कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुगना लोवंशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती रजनी लोवंशी, ग्राम सचिव अर्जुन पवार, GRS सत्यनारायण यादववंशी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भैरोपुर के अध्यक्ष जयनारायण लोवंशी, सचिव गुलाब लोवंशी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति निपानिया के अध्यक्ष दिव्यांश लोवंशी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित जनों ने स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी ने श्रमदान करते हुए प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई की और ग्राम के सार्वजनिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
“स्वच्छता जनभागीदारी से ही बनेगी,
और हमारी धरोहरें हमारी जिम्मेदारी से ही बचेंगी।”

