
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / वर्तमान में सिवनी मालवा शहर में सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर एक तरफ से सड़क बंद होने से बाजार दिवस में लगने वाले बाजार के कारण यातायात की समस्या भीषण बनी रहती है तथा स्थाई अतिक्रमण के कारण भी यातायात व्यवस्था लचर होने से नागरिकों को और सुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके संबंध में अनुभाग सिवनी मालवा में आम जनता के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर 2026 को SDM सिवनी मालवा विजय राय, SDOP महेंद्र चौहान, TI नवीन पांडे, CMO अमर सिंह उइके के साथ राजस्व विभाग, पुलिस एवं नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम द्वारा एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसके तहत बानापुरा बस स्टैंड पर लगने वाले बाजार को नेहरू स्कूल के पीछे स्थित खाली ग्राउंड में शिफ्ट कराया गया। साथ ही शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दुकानदारों तथा अन्य लोगों द्वारा किए गए अस्थायी व स्थायी अवैध अतिक्रमणों को जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से सख्ती से हटाया गया तथा रास्तों को बाधित कर रहे फ्लैक्स, सामान को ज़ब्त किया गया। रोड साइड अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन उत्पन्न हो रही यातायात की समस्याओं और नागरिकों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह वैधानिक कार्रवाई की है, साथ ही चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला जाएगा। इसलिए प्रशासन ने व्यापारी वर्ग एवं समस्त शहरवासियों से अपनी दुकानों की सीमा के भीतर ही सामान रखने की अपील की है ताकि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान राजस्व विभाग, पुलिस बल, नगर पालिका का अतिक्रमण विरोधी दस्ता एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

