

नर्मदापुरम / बुदनी / नगर के वार्ड क्रमांक 6 निवासी रमेश नागले के पुत्र रवि नागले का असामयिक निधन हो गया। इस दुखद घड़ी में परिवार ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए रवि नागले की आंखें दान करने का निर्णय लिया।
नेत्रदान की इस पहल को मूर्त रूप देने के लिए विनय यादव ने किरण फाउंडेशन के डॉ. राकेश भार्गव से संपर्क किया। इसके पश्चात BMHRC अस्पताल की मेडिकल टीम, डॉ. संदीप के नेतृत्व में, नागले परिवार के निवास पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए नेत्रदान की प्रक्रिया संपन्न की।
पुत्र को खोने के गहरे दुःख के बावजूद रमेश नागले द्वारा नेत्रदान का निर्णय समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका यह निर्णय रवि नागले की स्मृति को आगे भी जीवित रखने के साथ-साथ किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाने का माध्यम बनेगा।
नेत्रदान—एक ऐसा पुण्य कार्य, जिसके माध्यम से किसी के जीवन में फिर से रोशनी लौट सकती है।

