


नर्मदापुरम / मुंबई / मध्यप्रदेश ने FICCI FRAMES 2026 में फिल्म और कंटेंट निर्माण के लिए अनुकूल डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत की। स्टेट पार्टनर के रूप में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने अजय देवगन, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर, शूजित सरकार सहित प्रोड्यूसर्स, OTT प्लेटफॉर्म्स और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान प्रदेश में फिल्म शूटिंग, फिल्म पर्यटन और क्रिएटिव इकोनॉमी को बढ़ावा देने के साथ नए सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की। आयोजन के दौरान मध्यप्रदेश में फिल्माई गई ‘Dhadak 2’ के लिए धर्मा प्रोडक्शंस को राज्य की फिल्म पर्यटन नीति के तहत ₹1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता को डॉ. इलैयाराजा टी., सचिव, पर्यटन, मध्यप्रदेश शासन एवं प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रदान की गई।
मध्यप्रदेश की असली ताकत यहां के लोग: डॉ. इलैयाराजा टी…..
इस अवसर पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा, “वित्तीय प्रोत्साहन, नीतियों और व्यवसाय सुगमता के साथ मध्यप्रदेश की असली ताकत यहां के लोग हैं। हम चाहते हैं कि फिल्म निर्माता और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े पेशेवर केवल हमारे लोकेशन्स का अनुभव न करें, बल्कि यहां के लोगों की आत्मीयता और काम करने की सहजता को भी महसूस करें। यही स्थायी साझेदारियों की नींव बन सकती है।”
साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य फिल्म निर्माण, प्रतिभा विकास, रचनात्मक सेवाओं और निवेश के क्षेत्रों में उद्योग की भागीदारी को और बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है। राज्य का उद्देश्य अपनी विविध लोकेशन्स, विकसित होते फिल्मिंग इकोसिस्टम और उद्योग-अनुकूल नीतियों के माध्यम से देश के प्रमुख फिल्म एवं कंटेंट निर्माण केंद्रों में अपनी भूमिका को और मजबूत करना है।
मध्यप्रदेश में फिल्म शूटिंग का अनुभव बेहद खास: आयुष्मान खुराना…
इस मौके पर एक्टर और FICCI FRAMES एंबेसडर आयुष्मान खुराना ने मध्यप्रदेश में फिल्म शूटिंग के अपने अनुभव को बेहद खास बताते हुए भोपाल के लोगों और झीलों की नगरी की सराहना की। मध्यप्रदेश के पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. से बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म ‘डॉक्टर जी’ की शूटिंग को याद करते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला और प्रदेश के सुंदर परिवेश ने इस अनुभव को यादगार बना दिया।
फिल्म एवं क्रिएटिव इकोनॉमी पर इंडस्ट्री राउंडटेबल….
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा FICCI FRAMES 2026 के दौरान फिल्म टूरिज्म एवं AVGC-XR विषय पर एक इंडस्ट्री राउंडटेबल का आयोजन भी किया गया। इसमें प्रमुख फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसर्स तथा मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
राउंडटेबल में प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश में फिल्म निर्माण के विस्तार से जुड़े अपने अनुभव, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को साझा किया। चर्चा में फिल्म लोकेशन्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुमतियां, प्रोडक्शन सपोर्ट, स्थानीय प्रतिभा, प्रोत्साहन, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा उद्योग और सरकार के बीच सहयोग जैसे प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इस संवाद का उद्देश्य उद्योग की जरूरतों को समझते हुए मध्यप्रदेश में फिल्म एवं कंटेंट निर्माण के लिए एक अधिक सक्षम और सहयोगी इकोसिस्टम विकसित करने के अवसरों की पहचान करना रहा।
क्रिएटिव इंडस्ट्री के साथ साझेदारी को मिला विस्तार….
FICCI FRAMES के दौरान मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने प्रमुख स्टूडियोज, OTT प्लेटफॉर्म्स तथा एनीमेशन, गेमिंग और VFX क्षेत्र की कंपनियों के साथ B2B बैठकें भी कीं। इन बैठकों में धर्मा प्रोडक्शंस, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंडिया, अमेज़न प्राइम वीडियो, जियोस्टार, राजश्री प्रोडक्शंस, होम्बले फिल्म्स, इन10 मीडिया, दृश्यम फिल्म्स, राजकुमार हिरानी फिल्म्स और रॉय कपूर फिल्म्स सहित अन्य प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
FICCI FRAMES 2026 में राज्य की भागीदारी ने मध्यप्रदेश के फिल्म पर्यटन से आगे बढ़कर एक व्यापक क्रिएटिव इकोनॉमी हब के रूप में संभावनाओं को सामने रखा।

