
नर्मदापुरम / मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए 30 सितंबर को नर्मदापुरम के मीनाक्षी चौक पर शाम 4:30 बजे विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं तथा इसमें पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में शामिल पात्र नागरिकों का नाम किसी भी स्थिति में मनमाने ढंग से नहीं हटना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। SIR के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम हटाया गया है तो उसकी निष्पक्ष जांच और पुनः नाम जोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 30 सितंबर को शाम 4:30 बजे मीनाक्षी चौक पहुंचने का आह्वान किया।
नर्मदापुरम नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश बाथरे ने कहा कि SIR के नाम पर मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में चिंता है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस के साथ मिलकर मीनाक्षी चौक पर पुतला दहन कर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।उन्होंने कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओ से अपील की है कि वह 30 सितंबर को शाम 4:30 बजे अधिक से अधिक संख्या में नर्मदापुरम पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी नर्मदा पुरम के नेतृत्व में किया जाएगा। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

