
नर्मदापुरम / त्यौहारों तथा सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा द्वारा जिले भर में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में, शराब पीकर वाहन चलाने वाले (ड्रंक एंड ड्राइव) वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस विशेष अभियान के परिप्रेक्ष्य में, नर्मदापुरम पुलिस द्वारा दिनांक 21/09/2026 से 24/09/2026 तक मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कुल 75 प्रकरणात्मक कार्रवाइयां की गईं। जिले के विभिन्न थानों एवं यातायात पुलिस द्वारा समन्वित रूप से की गई थानावार कार्रवाई के अंतर्गत कोतवाली थाने में कुल 11, देहात थाने में कुल 8, इटारसी थाने में कुल 11, पथरौटा थाने में कुल 2, केसला थाने में कुल 4, रामपुर थाने में कुल 4, सिवनीमालवा थाने में कुल 4, डोलरिया थाने में कुल 1, पिपरिया थाने में कुल 7, स्टेशन रोड थाने में कुल 4, बनखेड़ी थाने में कुल 3, सोहागपुर थाने में कुल 3, माखन नगर थाने में कुल 8 तथा यातायात नर्मदापुरम द्वारा कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस प्रशासन द्वारा शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए सभी लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध बनाए गए इन समस्त प्रकरणों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा कुल 75 प्रकरणों में से 13 प्रकरणों में कुल 1,49,800 रू. जुर्माना तथा 02 प्रकरणों में सुपुर्दनामा बिना जुर्माने के किया गया है। शेष 60 प्रकरणों में कार्यवाही किया जाना शेष है।
उक्त विशेष वाहन चेकिंग अभियान पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन के निर्देशन में चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

