

नर्मदापुरम / शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों के बढ़ते झुंड से नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के कई मोहल्लों में 15 से 20 और कहीं-कहीं 25 तक कुत्तों के झुंड सड़कों, गलियों और घरों के सामने घूमते नजर आ रहे हैं। इससे विशेष रूप से सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल बना हुआ है।
टेलीफोन एक्सचेंज क्षेत्र स्थित सदर बाजार में गुप्ता नर्सिंग होम वाली गली में भी बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों का जमावड़ा बना रहता है। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों के निकलते ही कुत्तों के झुंड उनके पीछे दौड़ने लगते हैं और कई बार बच्चे घबराकर भागने को मजबूर हो जाते हैं। इससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
नागरिकों का कहना है कि कुत्तों के झुंड के कारण गली-मोहल्लों में पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जब समूह में घूम रहे कुत्ते राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के पीछे दौड़ते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर प्रभावी अभियान चलाया जाए। खासकर स्कूलों, बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

