
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के मार्गदर्शन में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी इकाई-1 सुश्री काजल बाथरे एवं इकाई-2 सुश्री पूजा गोस्वामी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत प्रथम दिवस महाविद्यालय में एनएसएस के अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। द्वितीय दिवस छात्राओं द्वारा सेठानी घाट पर श्रमदान, रैली एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रेरणादायी गीतों का सामूहिक गायन किया गया। तृतीय दिवस एनएसएस स्थापना दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार, विधायक प्रतिनिधि श्रीमती नैना सोनी, पूर्व जिला संगठक डॉ. दिग्विजय सिंह खत्री, साथ ही महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जी.सी. पांडे, वर्तमान जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे ने मंच पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों का तिलक, बैच एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों एवं छात्राओं के द्वारा सामूहिक रूप से लक्ष्य गीत का गायन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने अपने स्वागत उद्बोधन में छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं सेवा भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता एवं समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
विधायक प्रतिनिधि श्रीमती नैना सोनी ने छात्राओं को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न राज्यों की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। छात्राओं द्वारा राजस्थानी, छत्तीसगढ़ी सहित विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. श्रुति गोखले, डॉ. आर.बी. शाह, डॉ. आर.के. चौकीकर, डॉ. दुर्गेश तेली, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. कीर्ति दीक्षित, डॉ. विजया देवासकर, दीपिका राजपूत, कु. ईशा शास्त्री तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की नेशनल कैंपर प्रेरणा पाल, स्टेट कैंपर दुर्गा सूर्यवंशी एवं सलोनी दुबे तथा वरिष्ठ स्वयंसेवक वर्षा यादव, लक्ष्मी सूर्यवंशी, सलोनी चौहरे एवं दीपिका ने विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का आभार राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी इकाई-1 सुश्री काजल बाथरे द्वारा किया गया एवं अंत में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

