

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा विजय राय के नेतृत्व में अनुविभाग क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध राजस्व, खनिज तथा पुलिस विभाग का संयुक्त अभियान पूरी सख्ती के साथ संचालित किया जा रहा हैं।
अवैध उत्खनन की प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी श्री राय ने राजस्व, पुलिस व खनिज विभाग का संयुक्त दल गठित कर नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में औचक छापामार कार्यवाही की। इसके अंतर्गत भिलाड़िया घाट क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त पंडुब्बी की 11 मोटरें को खनिज अधिनियमों एवं वैधानिक धाराओं के तहत जब्त कर कानूनी कार्यवाही हेतु तत्काल पुलिस थाना शिवपुर की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया। कार्यवाही के दौरान मौके पर एसडीएम विजय राय तथा पुलिस थाना शिवपुर का पुलिस बल तैनात रहा। उल्लेखनीय हैं कि पिछले गत सप्ताह इसी प्रकार की कार्यवाही में कुल 25 मोटरों और 02 पनडुब्बियों को जब्त किया गया था।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा विजय राय ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों के हितों की सुरक्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए क्षेत्र में अवैध उत्खनन, परिवहन में लिप्त तत्वों के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

