

नर्मदापुरम / सेवा संकल्प अभियान के तहत आर टी प्रमोद कापसे द्वारा कुसुम महाविद्यालय सिवनीमालवा में छात्राओं के निशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आरटीओ द्वारा छात्राओं से सुरक्षित परिवहन, यातायात नियमों तथा यातायात संकेतों को लेकर संवाद तथा नियमों से अवगत कराया गया साथ ही निःशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया गया। इस अवसर पर छात्राओं में भी लाइसेंस प्राप्त होने पर उत्साह देखा गया। आरटीओ प्रमोद कापसे द्वारा छात्राओं को सुरक्षित परिवहन, हेलमेट का उपयोग तथा यातायात संकेतों का पालन करने संबंधी शपथ दिलाई गई। कैंप में लगभग 65 छात्राओं को निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस प्रदाय किये गये। कार्यक्रम के उपरांत आर टीओ द्वारा बस स्टैंड का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान आरटीओ श्री कापसे सहित संभागीय परिवहन सुरक्षा स्क्वाड प्रभारी शिवानी मुकाती के द्वारा सभी वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन करने, अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता, मेडिकल बॉक्स, बिना मदिरापान के वाहन का संचालन, इमरजेंसी गेट पर सीट न होने तथा वाहनों के समस्त वैध दस्तावेजों के साथ बसों के संचालन के निर्देश दिये।कुछ बसों में कमियां पाए जाने पर आर टी ओ द्वारा राशि रुपये 10,000/- की चालानी कार्रवाई भी की गई।

