
नर्मदापुरम / सर्किट हाउस स्थित पिचिंग घाट पर बने इंटेकवेल का मेंटनेंस कार्य जारी है। बारिश के कारण मां नर्मदा में आई बाढ़ के कारण इंटेकवेल में फंसे कचरे, कपे और अन्य सामग्री को गोताखोरों की मदद से साफ कराया जा रहा है।
अध्यक्ष और सीएमओ ने लिया तत्काल एक्शन…
नपा के वरिष्ठ इंजीनियर मुकेश जैन ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देश पर लगातार पेयजल सप्लाई पर निगरानी की जा रही है। जहां भी जरूरत होती है तत्काल प्रभाव से वहां मरम्मत कार्य करा दिया जाता है।
बाढ़ के कारण फंसा कपा…
जल शाखा प्रभारी इंजीनियर श्री जैन ने स्पष्ट करते हुए बताया कि बाढ़ के इंटेकवेल के नीचे कपा, काई, कचरा और अन्य सामग्री फंस गई थी। जिससे पर्याप्त पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रहा थी ।
गोताखोरों की ली जा रही मदद….
सीएमओ श्री देशमुख के निर्देश पर पंप के नीचे कपा हटाने के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा और नगर में फिर से जल सप्लाई सुचारू हो जाएगी।
प्रभावित क्षेत्रों में होगी टैंकर्स सप्लाई…..
श्री जैन ने बताया कि वाटर सप्लाई को लेकर अलर्ट है और जिन क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई की समस्या होगी सूचना मिलने पर वहां तत्काल नि:शुल्क टैंकर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या आती है वे नपा कार्यालय में संपर्क करें और उन्हें तत्काल टैंकर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

