
नर्मदापुरम / ग्राम बरन्डुआ स्थित रेत खदान पर रेत माफिया का अवैध कारोबार बेखौफ जारी है। प्रतिदिन तड़के 5 से 6 बजे के बीच 20 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए धड़ल्ले से अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। मंगलवार सुबह इस अवैध कारोबार ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब ग्रामीणों ने रेत ले जा रहे वाहनों को रोकने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह तेज रफ्तार से दौड़ रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक गाय को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही तड़पने लगी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जब ग्राम तालनगरी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका और पूछताछ की, तो वाहन चालकों ने विवाद खड़ा कर दिया।आरोप है कि रेत उत्खनन में संलिप्त शिव नायर, रमन नायर, नर्मदा नायर, सत्यम नायर, मनोज नायर और महेश नायर ने एकजुट होकर ग्रामीण ताराचंद और अजय कीर के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी। प्रशासन की चुप्पी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर एकत्रित हुए, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कारोबार और मारपीट की सूचना देने के बावजूद अब तक प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई ठोस सुनवाई या कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह-सुबह गांव के संकरे रास्तों से अंधाधुंध गति से निकलने वाले रेत के ट्रैक्टरों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की जान पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अवैध रेत उत्खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने को विवश होंगे।

