
नर्मदापुरम / भोपाल / सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवाओं को बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज भोपाल में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से भेंट कर सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा ने आवेदन सौंपा।
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने मंत्री को अवगत कराया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजना के अनुसार सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में खेल स्टेडियम/खेल मैदान के लिए 10 एकड़ भूमि कलेक्टर, होशंगाबाद द्वारा प्रदान की जा चुकी है।
विधायक श्री वर्मा ने कहा कि सिवनी मालवा तहसील एवं जनपद मुख्यालय होने के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा एवं खिलाड़ी यहां आते हैं। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं की आवश्यकता है।
उन्होंने मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से आग्रह किया कि सिवनी मालवा में उपलब्ध 10 एकड़ भूमि पर खेल स्टेडियम एवं खेल मैदान के साथ इंडोर एवं आउटडोर खेल सुविधाएं तथा ओपन जिम विकसित करने के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं आदेश प्रदान किए जाएं, ताकि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि खेल अधोसंरचना का विकास होने से सिवनी मालवा क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा तथा युवा खेलों के प्रति और अधिक प्रोत्साहित होंगे।
उन्होंने कहा कि सिवनी मालवा में आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसके लिए राज्य सरकार के सहयोग से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

