
नर्मदापुरम / उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में आज जिला स्तरीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा एवं श्रीमती मंजरी अवस्थी, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मुकेश बिष्ट विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में पर्यवेक्षक के रूप में शासकीय गृह विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नर्मदापुरम डॉ. धर्मेंद्र सिंह तथा निर्णायक के रूप में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खपरिया से श्री श्याम मरापे उपस्थित रहे। विभिन्न महाविद्यालयों से दल प्रबंधक एवं प्रतिभागी खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा गया कि “जीतने का जुनून रखिए, लेकिन खेल भावना को हमेशा सर्वोपरि रखिए।” क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मुकेश चन्द्र बिष्ट ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। संयोजक डॉ. संजय आर्य ने कहा कि खेल छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक भावना और खेल भावना को विकसित करने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान शासकीय गृह विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय नर्मदापुरम तथा द्वितीय स्थान प्रधानमंत्री उत्कृष्ट नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम ने प्राप्त किया। उत्कृष्ट खिलाड़ी का पुरस्कार कु. श्रीकांता राजपूत को दिया गया। प्राचार्य एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं मार्गदर्शन को दिया।
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पर्यवेक्षक, निर्णायक, दल प्रबंधकों, महाविद्यालय परिवार एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

