

नर्मदापुरम / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के माध्यम से सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को जीवंत रूप दिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी एक साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास नारोलिया सदस्य, टेलीकॉम एडवाइजरी कमेटी (TAC) भारत सरकार एवं सचिन तोमर भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विकास नरोलिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “सेवा संकल्प केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें सकारात्मक कार्यों में बदलने की प्रेरणा है। विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ सेवा, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होना आवश्यक है।
बच्चों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से जिस उत्साह का परिचय दिया, वह उनके उज्ज्वल भविष्य की सकारात्मक दिशा को दर्शाता है।” प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से निखारने के लिए निरंतर अवसर मिलना चाहिए। हमारा प्रयास है कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में सेवा और संवेदनशीलता के संस्कार भी विकसित हों। बच्चों की प्रतिभा केवल मंच पर प्रदर्शन तक सीमित न रहे, बल्कि उनके विचार, रचनात्मकता और ऊर्जा समाज के सकारात्मक निर्माण में योगदान दें। सेवा संकल्प अभियान जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने के साथ-साथ यह समझने का अवसर देते हैं कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनका समाज के प्रति भी दायित्व है। यही सोच उनके व्यक्तित्व को मजबूत आधार देती है।”
चित्रकला प्रतियोगिता का मार्गदर्शन श्रीमती रितु कपूरे तथा भाषण प्रतियोगिता का मार्गदर्शन श्रीमती अंजुली चौबे और मंच संचालन श्रीमती महिन्दर कौर ने किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कल्पनाशीलता, विचारों और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एवं श्रीमती महिन्दर कौर द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। आयोजन ने विद्यार्थियों में सेवा-भावना, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

