


नर्मदापुरम / सिवनी मालवा के ब्लॉक के विभिन्न हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में हर्षोल्लास के साथ उमंग दिवस मनाया। किशोर बच्चों के कल्याण एवं स्वास्थ्य जागरूकता हेतु विद्यालय में उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम संचालित किया जाता है, जिसके तहत विद्यार्थियों को जीवन कौशल सीखाने, उत्साह का प्रसार करने और नई दिशा प्रदान करने हेतु गतिविधियां आयोजित की जाती है।
इसके अंतर्गत उमंग दिवस पर विद्यालयों में विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में कौशल विकसित करने का प्रयास किया जाता है।
पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित उमंग उत्सव में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुनीता नागेश, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कांति बाथम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश मन्हारे, आरकेएसके जिला समन्वयक कविता साल्वे, बीआरसीसी संगीता यादव, उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई अतिथि के रूप में शामिल रहे। अध्यक्षता प्राचार्य गायत्री सोनी ने की।
विद्यार्थीयों ने गणेश वंदना, उमंग गीत गायन, नुक्कड़ नाटिका की मनमोहक प्रस्तुति दी। आकांक्षा वृक्ष से जीवन कौशल सीखा। उमंग कॉर्नर एवं सेल्फी पाइंट के माध्यम से जन जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की गई।
अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए एक अच्छा नागरिक बनने की सीख दी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन केपी लोवंशी एवं रश्मि पुरोहित ने किया। उमंग प्रभारी अर्चना सोनिया ने आभार व्यक्त किया। संगीता पुरोहित, कल्पना प्रजापति, ज्योति गौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शासकीय सांदीपनि विद्यालय में बीएमओ डॉ. कांति बाथम ने विद्यार्थियों को उमंग का अर्थ समझाते हुए किशोर अवस्था, मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल के बारे में मार्गदर्शन दिया। लघु नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने भेदभाव, हिंसा, साइबर क्राइम को समझाया। प्राचार्य विमला अहिरवार के मार्गदर्शन में उमंग प्रभारी निधि पगारे, परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, प्रधान पाठक अनिल मसीह व स्टाफ शामिल रहे।

