
नर्मदापुरम / समेंरिटन्स स्कूल इटारसी में हिंदी पखवाड़े की शुरुआत 14 सितम्बर से की गई। इसके तहत विद्यालय में हिंदी भाषा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 20 विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता की। कविता पाठ में प्रथम स्थान सानवी चौधरी कक्षा तीसरी, द्वितीय स्थान शिवेंद्र सिंह सोलंकी कक्षा आठवीं तथा तृतीय स्थान भव्या तिवारी कक्षा पहली ने प्राप्त किया।कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों के लिए तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन रिटायर्ड प्राचार्य श्री जी पी मालवीय के मुख्य आतिथ्य तथा शहर के व्यवसाही ओमप्रकाश गंगवानी के विशेष आतिथ्य में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न विषयों पर तत्काल अपने विचार रखे। विजेताओं में प्रथम स्थान शिवम सिंह कक्षा छठवीं, द्वितीय स्थान आराध्य बाजपेई कक्षा सातवीं तथा तृतीय स्थान विनायक चौधरी कक्षा आठवीं ने प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि जीपी मालवीय ने हिंदी के महत्व को समझाते हुए बच्चों की हिन्दी भाषा के ज्ञान, भाषाशैली की प्रशंसा की। विशेष अतिथि श्री गंगवानी ने बच्चों को समझाया कि हिंदी भाषा पर पकड़ होने से अपने विचारों को सशक्त रूप से कहीं भी व्यक्त कर सकते है।
विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत दीक्षित ने विद्यार्थियों से शुद्ध हिन्दी के प्रयोग पर बल दिया। श्री दीक्षित ने जानकारी दी कि हिन्दी पखवाड़े के अंतर्गत अभी कई कार्यक्रम जैसे वाद विवाद प्रतियोगिता, हिंदी शुद्ध लेखन, हिंदी भाषा का सम्मृद्ध इतिहास, हिंदी साहित्य के साहित्यकारों का परिचय और हिंदी में उनके विशिष्ट योगदान पर परिचर्चा का आयोजन हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत किया जाएगा।
समेंरिटन्स ग्रुप के डायरेक्टर डॉ.आशुतोष कुमार शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की उपयोगिता, इतिहास, भारत की एकता में योगदान तथा समृद्ध साहित्य के विषय में जानकारी दी। स्थानीय नागरीकों की भी भागीदारी सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमति प्रियंका पटेल ने किया।

